राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अम्बेडकरनगर पुलिस ने दिलाई लोकतंत्र की शपथ


अम्बेडकरनगर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद अम्बेडकरनगर में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने सशक्त पहल की। पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर के निर्देश पर शुक्रवार को जिले के समस्त थानों व पुलिस इकाइयों में मतदाता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसी क्रम में इब्राहिमपुर थानाध्यक्ष रितेश पाण्डे तथा एनटीपीसी चौकी प्रभारी मुनि मनोरंजन के नेतृत्व में अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। यह कार्यक्रम दिनांक 24 जनवरी 2026 को अपराह्न 12:30 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने यह शपथ ली कि वे भारत के नागरिक के रूप में लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। साथ ही यह भी संकल्प लिया गया कि वे धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना हर निर्वाचन में मतदान करेंगे।

थानाध्यक्ष रितेश पाण्डे ने इस अवसर पर कहा कि “लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार के प्रति जागरूक और प्रतिबद्ध हो। पुलिसकर्मियों का यह दायित्व है कि वे स्वयं उदाहरण बनें।”

वहीं चौकी प्रभारी मुनि मनोरंजन ने कहा कि मतदाता शपथ न केवल अधिकार की याद दिलाती है बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देती है।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पुलिस प्रशासन की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

और नया पुराने